Dhanbad : धनबाद के सोनारडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत टंडाबाड़ी बस्ती में लगातार हो रही भूधंसान से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। जोरदार आवाज के साथ जमीन 15 से 20 फीट तक धंस गई, जिसमें दोपहर 1 बजे तक 21 से अधिक घर जमींदोज हो गए। घटना के बाद लोग जान बचाकर घरों से बाहर भागने लगे और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज जारी है। घटना के बाद प्रशासन और बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचकर कैंप कर रहे हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
27 परिवारों को बैलगाड़ियों से शिफ्ट किया जा रहा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बीसीसीएल की ओर से प्रभावित लोगों के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है। फिलहाल 27 परिवारों को सुरक्षित स्थान बेलगड़िया में शिफ्ट किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस बस्ती में कुल 281 परिवार रहते हैं, जो लगातार खतरे के साये में जी रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। 31 मार्च को हुए पहले भूधंसान में तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद 22 अप्रैल को भी दूसरी घटना हुई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि लगातार चेतावनी के बावजूद बीसीसीएल और प्रशासन ने गंभीरता से कदम नहीं उठाए।
प्रशासन ने माना इलाका बेहद खतरनाक
सीओ गिरजानंद किस्कू ने बताया कि 27 परिवारों को तत्काल बेलगड़िया शिफ्ट किया जा रहा है, जहां फ्लैट खाली हैं। उन्होंने कहा कि जो भी परिवार शिफ्ट होना चाहेंगे, उन्हें भी सुरक्षित स्थान पर भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि यह इलाका अब बेहद खतरनाक हो चुका है और यहां से लोगों को पूरी तरह हटाना जरूरी है। पुनर्वास की प्रक्रिया भी जारी है। टंडाबाड़ी बस्ती में बार-बार हो रहे भूधंसान ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोग अब सुरक्षित पुनर्वास और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
Also Read : NH-39 पर भीषण सड़क हादसा : शराब लदे 407 ने स्कूटी को मा’री टक्कर, 3 की मौ’त, 5 घायल


