Pakur : पाकुड़ जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस की कोशिशों के बावजूद चोरी पर लगाम नहीं लग पा रही है। बीती देर रात चोरों ने रेलवे कैंपस में स्थित एक सरकारी आवास को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। रेलवे के सहायक अभियंता राणा प्रताप यादव ने बताया कि बीती देर रात ड्यूटी से लौटने पर उन्होंने अपने सरकारी आवास का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ पाया। जब वे घर के अंदर गए तो अलमारी टूटी हुई थी और घर का सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित अधिकारी के अनुसार चोर करीब 25 हजार रुपये नकद, एक सोने की चेन, पायल, अंगूठी सहित अन्य कीमती सामान चुरा ले गए।
पुलिस को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही सहायक अभियंता ने जीआरपी को सूचना दी। इसके बाद रेलवे पुलिस और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार ने दलबल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से शहर के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का बयान
जीआरपी प्रभारी प्रीतम कुमार ने बताया कि सरकारी क्वार्टर में चोरी की घटना हुई है, लेकिन चूंकि यह इलाका नगर थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की सलाह दी गई है। वहीं नगर थानेदार बबलू कुमार ने मीडिया को बताया कि फिलहाल सहायक अभियंता की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करेगी।
Also Read : ओलचिकी लिपि शताब्दी समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संथाली गीत गाकर सबका मन मोहा (VIDEO)


