Ranchi : झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में शनिवार देर शाम अचानक तेज हवा, गर्जन और बारिश शुरू हो गई। दिनभर उमस और गर्मी से परेशान लोगों को शाम होते-होते राहत मिल गई। मौसम बदलने के साथ कई इलाकों में ठंडी हवाएं चलीं और तापमान में गिरावट महसूस की गई। मौसम विभाग ने राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि 10 से 15 मई तक झारखंड के सभी जिलों में मौसम का यही उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही तेज हवा, वज्रपात और गर्जन की भी संभावना जताई गई है।
आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी राज्य में मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। कई इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। दोपहर बाद मौसम अचानक बदल सकता है और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
रांची समेत कई जिलों में हुई बारिश
शनिवार को दोपहर बाद ही राजधानी रांची के आसमान में बादल मंडराने लगे थे। हालांकि शाम तक मौसम सामान्य रहा, लेकिन रात करीब सात बजे अचानक तेज हवा चलने लगी और फिर गर्जन के साथ बारिश शुरू हो गई। रांची में करीब चार मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के बाद मौसम काफी सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। सिर्फ रांची ही नहीं, बल्कि रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, मेदिनीनगर और जमशेदपुर समेत कई इलाकों में देर रात तक तेज हवा और बारिश का असर देखने को मिला।
कहीं बढ़ा तापमान, कहीं मिली राहत
मौसम में बदलाव के बीच राज्य के अलग-अलग जिलों में तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शनिवार को सबसे ज्यादा तापमान मेदिनीनगर में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 39.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं रांची का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां पिछले 24 घंटे में तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। दूसरी ओर बोकारो में लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। यहां अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटे में करीब तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा।
Also Read : जामताड़ा में बिरसा मुंडा प्रतिमा तोड़े जाने पर हंगामा, सीसीटीवी लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग
