Giridih : गिरिडीह-टुंडी मेन रोड के बाभनटोली मोड़ के पास एक भारी ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि खंभे पर लगे दोनों ट्रांसफॉर्मर नीचे गिर गए और बिजली का ढांचा सड़क पर बिखर गया।
हादसे के समय तेज धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। आसपास की इलेक्ट्रॉनिक दुकान को भी नुकसान पहुंचा, लेकिन गनीमत रही कि बिजली पहले से बंद थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
ट्रेलर चालक दुर्घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। बताया गया कि ट्रेलर गिरिडीह की ओर आ रहा था और किसी अन्य वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस और बिजली विभाग मौके पर पहुंचे। पुलिस चालक की तलाश में जुट गई है, जबकि बिजली विभाग क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मर और खंभे की मरम्मत कर जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की तैयारी कर रहा है।
Also Read : गिरिडीह में सड़क हादसे में दो युवकों की मौ’त, परिवार में मातम

