Ranchi : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने सोमवार को रांची के कोकर स्थित बिरसा मुंडा समाधि स्थल पर जाकर धरती आबा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा केवल एक स्वतंत्रता सेनानी नहीं, बल्कि झारखंडी अस्मिता, स्वाभिमान और अधिकारों के प्रतीक हैं। सुदेश महतो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन और उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड को समझने के लिए बिरसा मुंडा के जीवन को पढ़ना और जानना जरूरी है, क्योंकि झारखंड की आत्मा धरती आबा के सिद्धांतों में बसती है।
उन्होंने हाल ही में हुए झारखंड बंद को आदिवासी असंतोष की चेतावनी बताया और राज्य सरकार पर आदिवासी हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिन आदिवासियों के वोट से हेमंत सरकार सत्ता में आई, आज वही सरकार उनके अस्तित्व, संस्कृति और अधिकारों को चोट पहुँचा रही है। कांके के नगड़ी में किसानों की जमीन अधिग्रहण की घटनाओं की आलोचना करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि यह सरकार गांव और जनविरोधी नीतियों को अपना रही है। उन्होंने कहा कि आज जिस जमीन के लिए धरती आबा ने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी थी, वही जमीन उनके वंशजों से छीनी जा रही है।
वहीं पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि बिरसा मुंडा की विचारधारा केवल इतिहास नहीं, बल्कि भविष्य के लिए मार्गदर्शन है। उन्होंने कहा कि उनके विचारों को केवल भाषणों तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि शासन और नीति में आत्मसात किया जाए।
इस अवसर पर पार्टी ने संकल्प लिया कि बिरसा मुंडा के विचारों और संघर्ष को आगे बढ़ाया जाएगा और झारखंड की नीतियों को गांव, जमीन और जनता के हित में ढालने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। इस कार्यक्रम में हसन अंसारी, जयपाल सिंह, संजय सिद्धार्थ, हरीश सिंह, ज्ञान सिन्हा, पार्थ पारितोष, शहजादा अनवर सहित कई अन्य पार्टी नेता मौजूद रहे।
Also Read : गजब कर डाला, फर्जी थाना खोल ठग लिया 500 से ज्यादा लोगों को