Ranchi : रांची रेलवे स्टेशन की दक्षिण दिशा में निर्मित द्वितीय प्रवेश द्वार मार्च महीने से नई स्टेशन बिल्डिंग के साथ परिचालन में आ जाएगा। यह जानकारी रांची रेलमंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) करुणानिधि सिंह ने दी।
डीआरएम ने बताया कि पिस्का, लोहरदगा और मुरी रेलवे स्टेशन अमृत भारत योजना के तहत उन्नत पुनर्विकास के चरण में हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा, बल्कि रांची शहर के विकास को भी नई गति और दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि मंडल रेल अस्पताल की क्षमता को बढ़ाते हुए 40 बिस्तरों से 60 बिस्तरों का कर दिया गया है, जिससे रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
यात्री आंकड़ों की जानकारी देते हुए डीआरएम ने कहा कि जनवरी से दिसंबर 2025 के दौरान रांची रेलमंडल में कुल 185.91 लाख यात्रियों ने यात्रा की, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह संख्या 176.67 लाख थी। इस प्रकार यात्रियों की संख्या में 5.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि यात्री खंड से कुल 466.33 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 4.60 प्रतिशत अधिक है।यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से मंडल में 16 एटीवीएम फैसिलिटेटर नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा, रांची रेलवे स्टेशन पर जुलाई 2025 से तथा हटिया स्टेशन पर सितंबर 2025 से पारंपरिक क्लॉक रूम के स्थान पर डिजिटल लगेज लॉकर सुविधा भी शुरू कर दी गई है।
Also Read : सरकार आज पेश करेगी ‘आर्थिक सर्वे’… जानें क्या है खास

