Giridih : गिरिडीह के बिरनी थाना क्षेत्र के भरकट्टा ओपी के खिलाफ भाकपा माले के बैनर तले 5 फरवरी को लाठी मार्च और प्रतिवाद मार्च आयोजित किए जाने का कार्यक्रम तय किया गया था। इसको लेकर माले की ओर से सरिया अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता को एक लिखित आवेदन दिया गया था। हालांकि प्रशासन ने इस कार्यक्रम को अनुमति देने से इनकार कर दिया है। बताया गया कि झारखंड बोर्ड की परीक्षाएं 3 फरवरी से शुरू हो चुकी हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए राज्य सरकार की ओर से गाइडलाइन जारी की गई है। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या बाधा से बचा जा सके।
प्रशासन का कहना है कि प्रस्तावित मार्च के दौरान भीड़ जुटने की संभावना रहती है, जिससे परीक्षार्थियों को परेशानी हो सकती है। इन्हीं सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए माले द्वारा दिए गए आवेदन को फिलहाल स्वीकृति नहीं दी गई। इधर माले नेताओं का कहना है कि उनका कार्यक्रम शांतिपूर्ण था और वे अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाना चाहते थे। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा अवधि के दौरान कानून व्यवस्था और छात्रों के हित को प्राथमिकता देना जरूरी है।
Also Read : नेशनल अवॉर्ड विजेता विक्रांत मैसी बने प्रोड्यूसर, ‘मुसाफिर कैफे’ से करेंगे नई पारी की शुरुआत
Also Read : स्कूल के हॉस्टल से लापता हुई दो नाबालिग छात्रों को खोज निकाली पुलिस, कहां से… जानें

