Patna : बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट में 71 हजार करोड़ रुपये के खर्च का हिसाब न मिलने का खुलासा होने के बाद सियासी घमासान मच गया है। विपक्ष ने इसे ‘महाघोटाला’ करार देते हुए नीतीश कुमार की अगुवाई वाली JDU-BJP सरकार पर तीखा हमला बोला है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने सरकार पर जनता को गुमराह करने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने का गंभीर आरोप लगाया है।
तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तीखा पोस्ट साझा करते हुए कहा, “क्रोनोलॉजी समझिए! पहले CAG प्रमाणित 71 हज़ार करोड़ का महाघोटाला करिए, फिर जनता को मटन, मछली, मुसलमान जैसे महत्वहीन मुद्दों में उलझाइए! फिर भी जनता सवाल करे तो तेजस्वी द्वारा विकास की घोषणा को कॉपी कर जनता को भरमाने की कोशिश कीजिए।” उन्होंने आगे लिखा, “विज्ञापनों के सहारे मीडिया को कंट्रोल करने की कोशिश कीजिए। चुनाव आयोग और प्रशासन के सहयोग से बिहार की जनता के वोट को छीनने की कोशिश कीजिए। लेकिन ये हकीकत नहीं जानते कि बिहार का युवा, बिहार की जनता, बिहार के पत्रकार, बिहार का एक-एक नागरिक जागरूक और स्वाभिमानी है। वो तानाशाहों और भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाने वाला है। इस बार बिहार के पटल से इनका सूपड़ा साफ़ करेगा बिहार!”
क्रोनोलॉजी समझिए!
पहले CAG प्रमाणित 71 हज़ार करोड़ का महाघोटाला करिए
फिर जनता को मटन, मछली, मुसलमान जैसे महत्वहीन मुद्दों में उलझाइए!फिर भी जनता सवाल करे तो तेजस्वी द्वारा विकास की घोषणा को कॉपी कर जनता को भरमाने की कोशिश कीजिए।
विज्ञापनों के सहारे मीडिया को कंट्रोल करने जी… pic.twitter.com/Rt0JOOG0sY
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) July 27, 2025
पोस्टर के जरिए तंज
तेजस्वी ने अपने पोस्ट के साथ एक अखबार की कटिंग और एक पोस्टर भी साझा किया, जिसमें CM नीतीश कुमार और PM नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा गया है। पोस्टर में लिखा है, “घोटालों की तेज रफ्तार, ये है असली डबल इंजन सरकार।” इसमें पीएम मोदी को कहते दिखाया गया है, “मैं बिहार की जनता को म से मछली, मटन, मुसलमान में उलझाता हूं,” जबकि नीतीश कुमार को कहते दिखाया गया है, “मैं सरकार को म से 71 हजार करोड़ के महाघोटाले में लगाता हूं।” यह पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और विपक्ष की आक्रामक रणनीति को दर्शाता है।
CAG रिपोर्ट ने बढ़ाया सियासी तापमान
CAG की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बिहार सरकार 71 हजार करोड़ रुपये के खर्च का हिसाब नहीं दे पाई है। इस खुलासे के बाद विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। RJD सहित अन्य विपक्षी दल इसे भ्रष्टाचार का बड़ा मामला बता रहे हैं। RJD ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, “नीतीश-मोदी ने मिलकर बिहार में 70,000 करोड़ का घोटाला कर दिया, लेकिन कोई कुछ बोलेगा नहीं।” एक अन्य पोस्ट में कहा गया, “71 हजार करोड़!!! एक-दो करोड़ नहीं, पूरे ₹71,000 करोड़! इतना पैसा किसने, कब और कैसे निकाला, कहां खर्च किया, कुछ पता नहीं!”
डकैत ऑफ बिहार!!
ने बिहार पर किया ₹70,000 करोड़ के गबन का प्रहार!! pic.twitter.com/ARjkkyXxP5— Rashtriya Janata Dal (@RJDforIndia) July 27, 2025
विपक्ष की मांग- जवाब दे सरकार
विपक्ष ने इस मुद्दे को विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाने की तैयारी कर ली है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सरकार इस घोटाले को छिपाने के लिए जनता का ध्यान मटन, मछली और मुसलमान जैसे मुद्दों की ओर भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सरकार और चुनाव आयोग मिलकर बिहार में मतदाता सूची में हेरफेर कर रहे हैं, जिसे वे चुनावी धांधली का प्रयास बता रहे हैं।
सरकार की ओर से जवाब का इंतजार
दूसरी ओर, JDU-BJP गठबंधन सरकार की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। विपक्ष के तीखे हमलों और CAG की रिपोर्ट के बाद सरकार पर जवाब देने का दबाव बढ़ गया है। सियासी हलकों में चर्चा है कि यह मुद्दा आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में बड़ा सियासी हथियार बन सकता है।
Also Read : वार्ड सदस्य के बेटे की ह’त्या, पेड़ से लटकी मिली बॉडी