Dhanbad : धनबाद मंडल के रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और बुकिंग में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए नया कदम उठाया है। अब पीआरएस काउंटर से तत्काल टिकट बुक करने पर यात्री के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी भेजा जाएगा। केवल ओटीपी की पुष्टि के बाद ही टिकट जारी किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह नई व्यवस्था पहले चरण में 100 ट्रेनों में शुरू की गई है। इसका उद्देश्य टिकट बुकिंग में दलालों, फर्जी आईडी और अवैध बुकिंग पर रोक लगाना है। रेलवे ने यात्रियों से कहा है कि बुकिंग के समय सही और सक्रिय मोबाइल नंबर दें, ताकि ओटीपी प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न आए।
इस प्रणाली में शामिल कुछ प्रमुख ट्रेनें
- हावड़ा – छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस
- रांची – बनारस एक्सप्रेस
- रांची – भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस
- हटिया – हरिद्वार एक्सप्रेस
- धनबाद – पटना गंगा-दामोदर एक्सप्रेस
- पटना – धनबाद गंगा-दामोदर एक्सप्रेस
- इस्लामपुर – हटिया एक्सप्रेस
- हटिया – ऋषिकेश एक्सप्रेस
यात्रियों को होंगे ये फायदे
- दलालों की मनमानी पर रोक
- असली यात्रियों को टिकट आसानी से मिलेगा
- बुकिंग में पारदर्शिता बढ़ेगी
- फर्जी बुकिंग और धोखाधड़ी कम होगी
रेलवे का कहना है कि यह कदम यात्रियों के लिए फायदेमंद है और भविष्य में इसे और अधिक ट्रेनों में लागू किया जाएगा।
Also Read : धनबाद में गैस रिसाव जांच, नाइट्रोजन फ्लशिंग प्रक्रिया जल्द शुरू


