Ranchi : राजधानी रांची में शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक साथ चार नई विकास योजनाओं की शुरुआत की गई। रांची नगर निगम की ओर से सोमवार को इन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। मेयर रोशनी खलखो ने कांके विधायक सुरेश बैठे की मौजूदगी में इन योजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, नाली निर्माण और स्वास्थ्य सुविधा से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। नगर निगम का कहना है कि इन कामों के पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी।



वार्ड 6 और वार्ड 5 में शुरू हुए काम
नगर निगम की ओर से जिन चार योजनाओं की शुरुआत की गई है, उनमें सबसे पहले वार्ड नंबर 6 के बांधगाड़ी रोड नंबर 5 में RCC नाली निर्माण कार्य शामिल है। इस काम के पूरा होने से जलजमाव और गंदगी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। दूसरी बड़ी योजना बांधगाड़ी में अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निर्माण है। इसके बनने के बाद लोगों को अपने इलाके में ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। तीसरी योजना के तहत जयप्रकाश नगर रोड में बिटुमिनस सड़क की मरम्मत और प्रगति मार्ग में PCC सड़क निर्माण का काम शुरू किया गया है। वहीं चौथी योजना वार्ड नंबर 5 के बड़गाईं शिवाजी नगर में दुबे जी के घर के पास PCC पथ निर्माण से जुड़ी है।
महापौर बोलीं, लोगों को मिलेगी सीधी राहत
इस मौके पर महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि नगर निगम का फोकस सिर्फ विकास कार्य शुरू करने पर नहीं, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की परेशानियों को कम करने पर है। उन्होंने कहा कि अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनने से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। वहीं सड़क और नाली निर्माण से आवागमन आसान होगा और इलाके में साफ-सफाई का माहौल बेहतर होगा।
स्थानीय लोगों में दिखी खुशी
एक साथ चार परियोजनाओं की शुरुआत से स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। खासकर उन इलाकों के लोगों को राहत की उम्मीद है, जहां लंबे समय से सड़क और ड्रेनेज जैसी समस्याएं बनी हुई थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर ये काम समय पर पूरे हो जाते हैं तो इलाके की तस्वीर बदल सकती है। कार्यक्रम में महापौर रोशनी खलखो, कांके विधायक सुरेश बैठा, वार्ड 6 की पार्षद मोनिका खलखो, वार्ड 5 के पार्षद अवधेश बैठा समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
