Palamu : पलामू के विश्रामपुर थाना क्षेत्र के ओखला गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को गड्ढे में दफना दिया। मृतका की शिनाख्त प्रियंका कुमारी के तौर पर की गई है। पति रंजीत मेहता ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी और प्रेमिका ने ही गड्ढा खुदवाया। प्रियंका कुछ दिन से लापता थी, जिसकी जानकारी उसके परिजनों ने पुलिस को दी थी।
प्रेम प्रसंग के चलते हत्या
प्रियंका कुमारी की शादी 2019 में रंजीत मेहता से हुई थी। परिजनों के अनुसार रंजीत द्वारा प्रियंका को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। रंजीत का पलामू के नया नावा बाजार थाना क्षेत्र की एक महिला के साथ प्रेम संबंध चल रहा था।
पुलिस ने शव बरामद किया
परिजनों की शिकायत के बाद नावा बाजार थाना की पुलिस ने जांच शुरू की। दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस ने डरौना गांव से प्रियंका का दफन शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद रंजीत मेहता और उसकी प्रेमिका दोनों फरार हैं।
शव के साथ रखा गया कुत्ते का शव
पुलिस की जांच में पता चला कि हत्या के बाद शक छुपाने के लिए प्रियंका के शव के साथ एक कुत्ते का शव भी दफन किया गया। प्रेमिका ने 22 दिसंबर को जेसीबी से गड्ढा खुदवाया और 28 दिसंबर को इसे भरवाने का इंतजाम किया। आशंका है कि 28 दिसंबर को हत्या कर शव दफनाया गया।
पुलिस की कार्रवाई
नावा बाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव ने बताया कि प्रेमिका ने जेसीबी मालिक को डोभा बनाने के बहाने गड्ढा खुदवाया और बाद में इसे दूसरी जगह भरवाया। पुलिस दोनों फरार आरोपियों की तलाश में छानबीन कर रही है।
Also Read : महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग 2025-26 में श्राची बंगाल टाइगर्स ने एसजी पाइपर्स को शूटआउट में 4-3 से हराया


