Ranchi : झारखंड में कड़ाके की ठंड ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग द्वारा न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई गई थी, लेकिन जमीनी हालात इसके उलट बने हुए हैं। पहाड़ी और पठारी इलाकों में तेज ठंड से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सुबह और शाम शीतलहर का असर साफ दिख रहा है, जिससे लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।
पिछले 24 घंटों में खूंटी राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम है। राज्य के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। हालांकि कोहरे को लेकर थोड़ी राहत जरूर मिली है। एक दिन पहले जहां 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया था, वहीं अब यह घटकर 6 जिलों तक सीमित रह गया है। इसके बावजूद इन इलाकों में ठंड और कोहरे की स्थिति अभी भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार गुमला, सिमडेगा, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़ और बोकारो जिलों में घना कोहरा और भीषण शीतलहर जारी रहने की संभावना है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। राजधानी रांची समेत कुछ इलाकों में ठंड से मामूली राहत दर्ज की गई है। रांची में न्यूनतम तापमान बढ़कर 8.2 डिग्री सेल्सियस हो गया है। वहीं जमशेदपुर में 8.8 डिग्री, लातेहार में 8.3 डिग्री और पाकुड़ में 9.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। इससे रात की ठिठुरन कुछ हद तक कम हुई है।
Also Read : बजट पूर्व कार्यशाला में आए सुझाव बजट में होंगे शामिल : सुदिव्य


