Ranchi : रांची के पुंदाग ओपी क्षेत्र के लाजपत नगर में ड्रीम टॉवर के पास निर्माणाधीन एक बहुमंजिला अपार्टमेंट से बुधवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में खलबली मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लाजपत नगर स्थित उक्त अपार्टमेंट का निर्माण कार्य चल रहा है। बुधवार सुबह जब मजदूर काम शुरू करने पहुंचे, तो उन्होंने परिसर के अंदर एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। शव देखते ही मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और काम तत्काल रोक दिया गया। इसके बाद मजदूरों ने ठेकेदार को इसकी सूचना दी। ठेकेदार द्वारा सूचना दिए जाने पर पुंदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया और आवश्यक पूछताछ भी की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में शव की पहचान नहीं हो पाई है। मौत के कारणों का भी फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास के इलाकों में लोगों से पूछताछ कर रही है और विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से शव की पहचान मिलाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Also Read :EPFO News: PF रिटर्न में हो सकती है कटौती, जानें नया अपडेट


