घरों से निकलने वाले कचरे को अलग करेगा निगम, रिसाइकल करने की भी तैयारी

रांची: राजधानी को साफ-सुथरा बनाने को लेकर रांची नगर निगम रेस हो गया है। घरों से निकलने वाले सूखा कचरा को अलग करने की कवायद तेज कर दी गई है। इसके तहत शहर में 12 स्थानों पर मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर खोले जाएंगे, जहां पर कचरे को अलग-अलग किया जाएगा। वहीं, रिसाइक्लिंग वाले कचरे को रिसाइकल करके उसका फिर से इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसे लेकर नगर निगम ने टेंडर निकाल दिया है।

5 सितंबर को टेंडर खुलेगा
पांच सितंबर को कंपनी चयन के लिए टेंडर खुलेगा। इसमें चयनित कंपनी को शहर के सभी जोन में रिकवरी सेंटर खोलने होंगे और उसका ऑपरेशन व मेंटनेंस करना होगा। सेंटर बनाने में करीब सात करोड़ रुपए खर्च होंगे। इन सेंटरों में घरों से कलेक्ट किए जाने वाले कचरा को लाकर उससे सूखा कचरा अलग किया जाएगा। अलग किए गए कचरा में जो कबाड़ी में बिक्री योग्य होंगे उसे बेचा जाएगा। वहीं जो बिकने के योग्य नहीं होंगे, उसकी रि-साइ​क्लिंग की जाएगी।

गीला-सूखा कचरा अलग रखना होगा

बता दें कि स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंक लाने के लिए कचरा को रिसाइकल करना अनिवार्य है। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत रांची में भी गीला- सूखा कचरा अलग करने की योजना तैयार हो रही है। अक्टूबर से राजधानी के लोगों को घरों में गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखना होगा। तभी रांची नगर निगम आपके घर से कचरा उठाएगा।