Ranchi : झारखंड में शीतलहर का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। ठंड इतनी तेज हो गई है कि लोगों को कश्मीर और मनाली जैसी सर्दी का एहसास हो रहा है। बीते 24 घंटे में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ठंडी हवाओं के कारण दोपहर 3 बजे से ही लोग अलाव जलाकर खुद को गर्म रखने को मजबूर हैं। राजधानी रांची में भी हालात कुछ ऐसे ही हैं। शाम 4 बजे से पहले ही चौक-चौराहों और गली-मोहल्लों में अलाव जलते दिखाई दे रहे हैं। पलामू, खूंटी, लोहरदगा और लातेहार समेत कई जिलों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। ठंड के कारण दोपहर के बाद घर से बाहर निकलना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 28 दिसंबर के बाद ठंड और बढ़ेगी। आने वाले 2 से 3 दिनों में राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। विभाग ने अगले 10 से 15 दिनों तक लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
Also Read : कर्तव्यहीनता पर डीसी सख्त, राजस्व उप निरीक्षक निलंबित


