Ranchi : झारखंड विधानसभा का बजट सत्र आज यानी बुधवार से शुरू हो रहा है। सदन के पहले ही दिन राज्यपाल अपने अभिभाषण के जरिए सरकार की अब तक की उपलब्धियों और आने वाली योजनाओं का खाका पेश करेंगे। यह सत्र 19 फरवरी तक चलेगा और कुल 17 कार्य दिवस तय किए गए हैं। हालांकि 23 फरवरी को निकाय चुनाव होने की वजह से उस दिन सदन की कार्यवाही स्थगित रहेगी। विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया में शामिल रहेंगे।
24 फरवरी को पेश होगा 2026-27 का बजट
सत्र का सबसे अहम दिन 24 फरवरी होगा, जब राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी। इस बार के बजट में विकास योजनाओं, बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर खास फोकस रहने की उम्मीद है।
स्पीकर ने बुलाई सर्वदलीय बैठक
विधानसभा स्पीकर रबींद्र नाथ महतो ने सत्र की तैयारियों को लेकर पार्टी विधायक दलों की बैठक बुलाई। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान और आजसू विधायक तिवारी महतो शामिल हुए। बैठक में यह तय किया गया कि निकाय चुनाव लोकतंत्र का पर्व है, इसलिए उस दिन सदन नहीं चलेगा और सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहेंगे।
अधिकारियों के साथ भी हुई समीक्षा बैठक
सत्र सुचारू रूप से चले, इसके लिए स्पीकर ने राज्य के आला अधिकारियों के साथ भी बैठक की। इस दौरान यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि विभागों द्वारा पूछे जाने वाले सभी सवालों का समय पर जवाब दिया जाए और जो सवाल लंबित हैं, उनका भी जल्द निस्तारण हो। बैठक में गृह सचिव वंदना दादेल, विभिन्न विभागों के सचिव और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सत्ता पक्ष की रणनीति तैयार
मंगलवार को सत्ता पक्ष के विधायकों की भी अलग से बैठक हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झामुमो, कांग्रेस और राजद के विधायकों से कहा कि वे पूरी तैयारी के साथ सदन में आएं। विपक्ष के सवालों का एकजुट होकर जवाब देने और सरकार की योजनाओं को मजबूती से रखने के निर्देश दिए गए। मंत्रियों को भी साफ संदेश दिया गया है कि वे अपने-अपने विभागों की पूरी जानकारी के साथ सदन में मौजूद रहें। इससे पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक भी हुई, जिसमें सत्र को लेकर रणनीति बनाई गई।
Also Read : रमजान का पाक महीना आज से शुरू, पहला रोजा कल


