युवक का शव फंदे से लटकता मिला, मालिक और पत्नी के साथ हुआ था विवाद

कोडरमा : तिलैया थाना क्षेत्र के गांधी स्कूल रोड में एक युवक का शव फंदे से लटकता हुआ मिला है। मृतक की पहचान चैनपुर निवासी पंकज सिंह (30 वर्ष) के रूप में की गई है। युवक पास के एक होटल में रसोइये का काम करता था। युवक की दो शादियां हुई थी। मंगलवार को युवक का अपने मालिक और पत्नी के साथ विवाद हुआ था। देररात को घर लौटा। रात करीब 3 बजे युवक का शव फंदे से लटकता दिखा। युवक की पत्नी ने मकान मालिक को इसकी सूचना दी।

करीब साढ़े तीन बजे पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद बुधवार की सुबह कुछ और पुलिस के लोग घटना स्थल पर आए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दी है। मामले की जानकारी देते हुए मृतक की पत्नी ज्योति कुजूर ने बताया कि पंकज शहर के ही एक होटल में काम करता था। बीती रात वह करीब 12 बजे घर आया। घर आने पर वह कुछ तनाव में थे। पूछे जाने पर बताया कि होटल में मालिक ने विवाद हुआ है। इसके बाद पति-पत्नी में झगड़ा हो गया। पत्नी ने दावा किया कि पति ने उसके साथ मारपीट की। घर में रखा आइना तोड़ दिया। विवाद के बाद दोनों सो गए।

बुधवार की सुबह करीब 3 बजे जब पत्नी की नींद खुली तो पंकज का शव कमरे में फंदे से झूल रहा था। पत्नी ने मकान मालिक को इसकी सूचना दी। इसके बाद तिलैया थाना को इसकी सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि यह युवक की दूसरी शादी थी। पंकज और ज्योति की मुलाकात रांची में हुई थी। पंकज किसी होटल में रसोइये का काम करता था। ज्योति एक नर्स का काम करती थी। शादी के बाद से ही दोनों में छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होते रहता था। पुलिस फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।