Deoghar : देवघर जिले में असामाजिक तत्वों की शर्मनाक करतूत सामने आई है। पथरौल थाना क्षेत्र के कजरा मोड़ गोविंदपुर रोड स्थित एडीएस नीति विद्यालय को निशाना बनाते हुए स्कूल में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। यह स्कूल किराए के मकान में संचालित होता है। आगजनी की इस घटना में स्कूल प्रबंधन को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। स्कूल में रखी बेंच, कुर्सियां, किताबें और अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि जिस जगह बच्चों के भविष्य को संवारने का काम होता है, उसी शिक्षा के मंदिर को निशाना बनाना बेहद चिंताजनक है।
गांव में खबर फैलते ही जुटे लोग
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष स्कूल पहुंच गए। लोगों ने इस घटना पर गहरा आक्रोश जताया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि इस तरह की घटना बच्चों की पढ़ाई पर सीधा असर डालती है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से पेट्रोल से भरी बोतल और कुछ अन्य अवशेष बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में आगजनी की बात सामने आ रही है।
पथरौल थाना प्रभारी दिलीप कुमार बिलुंग ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाने का लग रहा है। जिस मकान में स्कूल चल रहा है, उसके मालिक ने थाने में लिखित शिकायत दी है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि इस घटना के पीछे कौन लोग हैं और उनका मकसद क्या था।
अधूरी सुरक्षा का उठाया फायदा
बताया जा रहा है कि स्कूल एक अर्धनिर्मित भवन में चल रहा था और वहां चारदीवारी भी नहीं थी। सिर्फ सामने एक गेट लगा हुआ था। आशंका है कि इसी कमजोरी का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व अंदर घुसे और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। यह स्कूल दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्र में बच्चों तक शिक्षा पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा था। ऐसे में इस तरह की घटना सिर्फ संपत्ति का नुकसान नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था पर भी चोट है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है।
