Ranchi : झारखंड में पिछले कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड से मिली राहत अब ज्यादा दिनों तक रहने वाली नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 22 जनवरी से एक बार फिर मौसम बदलने वाला है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे राजधानी रांची समेत कई जिलों में ठंड बढ़ने की संभावना है।
चार दिन पहले गुमला जिले में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ था। हालांकि बीते 24 घंटों में स्थिति कुछ बेहतर रही और गुमला का न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची और आसपास के जिलों में भी न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच रहा, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली।
आज से फिर ठंड बढ़ने के आसार
मौसम विभाग का अनुमान है कि आज न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। खासकर राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में ठंड का असर ज्यादा रहेगा। पलामू, लातेहार, गढ़वा, गिरिडीह, खूंटी और रांची जिलों में न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह और देर रात ठंडी हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं।
दिन में भी कम रहेगा तापमान
दिन के तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। चाईबासा और सरायकेला को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इससे दोपहर में भी हल्की ठंड महसूस हो सकती है। चाईबासा और सरायकेला-खरसावां जिलों में दिन के समय थोड़ी राहत रह सकती है। यहां अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, हालांकि सुबह और शाम हल्की ठंड बनी रहेगी।
Also Read : कोयला तस्करों का बढ़ा मनोबल, चोरी के विरोध पर CISF जवान पर जानलेवा हमला, दो घायल


