Dhanbad : धनबाद के गोविंदपुर में राजनीतिक माहौल उस वक्त गरमा गया, जब बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान कई बड़े बयान दिए। वे कोलकाता से पटना जाने के दौरान जीटी रोड स्थित एक रिसॉर्ट में कुछ समय के लिए रुके थे, जहां उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए।
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि महाराष्ट्र की तरह बिहार में भी सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जिस पार्टी के साथ रहती है, उसे धीरे-धीरे कमजोर कर खत्म कर देती है और बिहार में जदयू के साथ भी ऐसा ही हो रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी जमकर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि भाजपा को रबर स्टैंप मुख्यमंत्री चाहिए और इसी वजह से नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजने की साजिश हो रही है।
हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव को लेकर भी तेजस्वी यादव ने सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए ने छल और प्रपंच के जरिए वोट हासिल किए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी नहीं रही।
तेजस्वी यादव ने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि वहां भाजपा की दाल नहीं गलने वाली है और ममता बनर्जी फिर से मुख्यमंत्री बनेंगी।
उन्होंने केंद्र सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों को लेकर भी हमला बोला। तेजस्वी ने कहा कि जनता इन समस्याओं से परेशान है, लेकिन सरकार इन पर ध्यान नहीं दे रही है।
गोविंदपुर पहुंचने पर तेजस्वी यादव का स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कई राजनीतिक कार्यकर्ता और समर्थक मौके पर मौजूद रहे।
तेजस्वी यादव के इस दौरे और बयान के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। उनके बयान से आने वाले समय में बिहार की राजनीति में बदलाव की चर्चा और तेज हो गई है।
