Dibrugarh (Assam) : असम विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करने डिब्रूगढ़ पहुंचीं झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने दावा किया है कि राज्य में इस बार सत्ता परिवर्तन तय है।
चाय बागान क्षेत्रों में दिखा असंतोष
नेहा तिर्की ने कहा कि पिछले एक सप्ताह में उन्होंने असम के कई जिलों और चाय बागान इलाकों का दौरा किया है। इस दौरान आम जनता, खासकर चाय बागान श्रमिकों के बीच भारी नाराजगी देखने को मिली। उनके मुताबिक लोग अब एक साफ-सुथरी, पारदर्शी और जवाबदेह सरकार चाहते हैं।
कांग्रेस को विकल्प के रूप में देख रही जनता
उन्होंने कहा कि लोगों से बातचीत में यह साफ हुआ है कि जनता कांग्रेस को विकल्प के रूप में देख रही है। नेहा तिर्की ने दावा किया कि गौरव गोगोई के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार बनने की संभावना मजबूत है।
BJP सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
नेहा तिर्की ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में सरकार के वादे जमीनी स्तर पर पूरे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि लोगों को विकास के बजाय निराशा और शोषण का सामना करना पड़ा है।
चाय बागान जमीन के व्यावसायिक उपयोग पर सवाल
उन्होंने 2022 में असम फिक्सेशन ऑफ सीलिंग ऑन लैंड होल्डिंग एक्ट, 1956 में किए गए संशोधन का जिक्र करते हुए कहा कि चाय बागानों की 10 प्रतिशत जमीन को व्यावसायिक उपयोग के लिए खोल दिया गया। इससे कई जगहों पर होटल और रिसॉर्ट बनने लगे, जिससे श्रमिकों के विस्थापन और बेरोजगारी की समस्या बढ़ी है।
जमीन और रोजगार पर उठे सवाल
नेहा तिर्की ने काजीरंगा और कार्बी आंगलोंग के बीच स्थित हातीखुली टी-एस्टेट का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी जमीन के व्यावसायिक इस्तेमाल से स्थानीय लोग प्रभावित हुए हैं और आंदोलन कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने दीमाहासव क्षेत्र में आदिवासियों की जमीन उद्योगों को दिए जाने का भी आरोप लगाया।
चुनाव से पहले पैसे बांटने का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय सरकार योजनाओं के जरिए लोगों के खातों में पैसे डालकर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को चाय बागान श्रमिकों के खातों में पांच-पांच हजार रुपये डाले गए, जिससे श्रमिकों में यह आशंका है कि यह राशि उनके पीएफ से समायोजित की जा सकती है।
Also Read : लातेहार में 18 लोगों पर FIR के विरोध में बाजार बंद, सड़कों पर उतरे लोग

