Ranchi : धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो में देर शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अरशद अंसारी के रूप में हुई। घटना के बाद पुलिस ने एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर आरोपी तौसीफ को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम अरशद अपने घर के पास आग ताप रहा था। इसी दौरान बाइक से आए हथियारबंद अपराधियों ने सिर पर गोली मार दी। परिवार और पड़ोसी उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही अरशद की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अरशद के भाई मो. जिलानी ने बताया कि अरशद पेंट-पुट्टी का काम करता था और उसका जमीन विवाद से कोई लेना-देना नहीं था। उन्होंने कहा कि घटना में तौसीफ के साथ इबरार और संजय कोहड़ा भी शामिल हैं। जिलानी का कहना है कि इबरार और संजय जमीन के कारोबार में जुड़े हैं और पहले भी उन्होंने अरशद से रंगदारी मांगने की कोशिश की थी। शायद उनका असली लक्ष्य कोई और था, लेकिन गलती से अरशद को निशाना बनाया गया।
Also Read : बिहार विधानसभा के नए स्पीकर बने प्रेम कुमार, ली शपथ


