West Bengal : कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार यानि की आज एक बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम देखने को मिला, जहां पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार बनने के बाद शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर सुवेंदु अधिकारी ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उन्होंने बांग्ला भाषा में ईश्वर के नाम पर शपथ ली, जिससे पूरा माहौल गंभीर और भावनात्मक हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत से ही शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे और बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनने पहुंचे।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कई राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। मंच पर बीजेपी का शक्ति प्रदर्शन साफ नजर आया, जहां अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में पार्टी के सबसे पुराने कार्यकर्ता माखनलाल सरकार का सम्मान किया और उनके पैर छूकर उन्हें गले लगाया, जिसे वहां मौजूद लोगों ने एक भावुक और सम्मानजनक पल बताया।
इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम को पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि राज्य में पहली बार भाजपा ने सरकार बनाई है। शपथ से पहले सुवेंदु अधिकारी ने इसे “बंगाल के लिए ऐतिहासिक सुबह” बताया और कहा कि यह बदलाव विकास और शांति की नई शुरुआत है।
कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री जैसे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के चंद्रबाबू नायडू, गुजरात के भूपेंद्र पटेल और अन्य नेता भी मौजूद रहे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बिहार के उपमुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल हुए। सभी नेताओं की मौजूदगी ने इस आयोजन को और भी बड़ा बना दिया। शपथ से पहले भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया था, जिसके बाद राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया गया। इसके बाद ही ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण का भव्य आयोजन हुआ।
Also Read : बिट मेसरा के स्टूडेंट्स का कमाल: बेकार बोतलों से बनाए इको-फ्रेंडली डस्टबिन


