Hazaribagh : कटकमदाग थाना क्षेत्र के कुद गांव में एक प्रेमी जोड़े की फंदे से लटकी मिली लाश, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान कुद निवासी धीरज कुमार और हुडहूडू निवासी जया कुमारी के रूप में हुई है।
एक ही कमरे में लटके मिले दोनों
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, दोनों कई वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों एक कमरे में फंदे से लटके मिले। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें नीचे उतारकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार को थी जानकारी
धीरज के भाई नीरज यादव ने बताया कि परिवार को दोनों के संबंध की जानकारी थी और इस मुद्दे पर बातचीत भी चल रही थी। उन्होंने कहा कि स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन अचानक इस घटना की खबर मिल गई।
प्रेम प्रसंग की आशंका
मौके पर पहुंचे कटकमदाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
Also Read : CBSE मान्यता के बाद गैलेक्सी स्कूल का बड़ा कदम, शिक्षकों को दी क्लासरूम मैनेजमेंट की ट्रेनिंग


