Ranchi : नगरपालिका (आम) चुनाव-2026 को ध्यान में रखते हुए रांची जिला प्रशासन ने ट्रांसपोर्ट नगर, सुकुरहुट्टू, कांके स्थित वज्रगृह और मतगणना स्थल का गहन निरीक्षण किया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने सभी तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
मतगणना दिनांक 27 फरवरी 2026 को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित निर्धारित स्थल पर आयोजित की जाएगी। इसके मद्देनजर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया गया है। परिसर और आसपास की सुरक्षा, अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करना और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान डीसी भजंत्री ने स्ट्रांग रूम, कर्मचारियों की तैनाती, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि मतगणना स्थल पर किसी भी प्रकार की कमियों को तुरंत दूर किया जाए और उच्च सतर्कता बनाए रखी जाए।
इस मौके पर रांची एसएसपी राकेश रंजन ने भी सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और पुलिस बलों को निर्देश दिए कि वज्रगृह और मतगणना स्थल के आसपास कड़ी निगरानी रखी जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह पर त्वरित कार्रवाई की जाए। अतिरिक्त पुलिस बलों और क्विक रेस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 के अंतर्गत रांची नगर निगम में कुल 53 वार्डों के लिए 909 मतदान केंद्र हैं। वहीं, बुण्डू नगर पंचायत में 13 वार्डों के लिए 16 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान के बाद पोलिंग पार्टियां बैलट बॉक्स लेकर ट्रांसपोर्ट नगर स्थित स्ट्रांग रूम पहुंचेंगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने देर रात गहन निरीक्षण कर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
निरीक्षण में उप विकास आयुक्त सौरभ भुवनिया, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था, अनुमंडल पदाधिकारी सदर और बुण्डू, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान के दौरान शांति बनाए रखें और किसी भी अफवाह या उकसावे में न आएं।
Also Read : 15 साल के प्रेम प्रसंग में हुई आशिफ अंसारी की ह’त्या, प्रेमिका के पति ने दी थे सुपारी


