Ranchi : छठ महापर्व के दौरान चोरी, छेड़खानी और छिनतई जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए रांची पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में लगाई गई है और शक्ति कमांडो व टाइगर जवानों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही डायल 112 को पूरी तरह सक्रिय किया गया है।
बाइक पेट्रोलिंग पर जोर
रांची पुलिस ने चोरों और मनचलों पर नकेल कसने के लिए बाइक पेट्रोलिंग को बढ़ावा दिया है। शहर के सभी थाना क्षेत्रों में 24 घंटे बाइक दस्ते गश्त करेंगे। खासकर 27 और 28 अक्टूबर को छठ पूजा के अर्घ्य के दिन टाइगर जवान तीन शिफ्टों में बंद घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर नजर रखेंगे। शक्ति कमांडो को छेड़खानी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। 26 अक्टूबर को खरना और 27 अक्टूबर को शाम के अर्घ्य के दिन लोग घरों से बाहर निकलते हैं, जिसके कारण पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
तीन शिफ्टों में ड्यूटी
रांची के SSP राकेश रंजन ने बताया कि छठ के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी आठ-आठ घंटे की तीन शिफ्टों में लगाई गई है। शहर के हॉटस्पॉट्स को चिह्नित कर वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। बाइक दस्तों के साथ-साथ थानों की पेट्रोलिंग टीमें भी सक्रिय रहेंगी।

घर बंद कर जाने वालों के लिए पुलिस की सलाह
रांची पुलिस ने घर छोड़कर जाने वाले लोगों से निम्नलिखित सावधानियां बरतने की अपील की है :
- घरों और अपार्टमेंट्स में सीसीटीवी कैमरे और अलार्म सिस्टम लगाएं।
- घर की एक लाइट जलती छोड़ें।
- पड़ोसियों और वॉचमैन को सूचना देकर जाएं।
- कीमती सामान, नकद और जेवर बैंक लॉकर में रखें।
- नजदीकी पुलिस स्टेशन को जानकारी दें।
- किसी भी परेशानी में तुरंत डायल 112 पर कॉल करें।
महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान
SSP राकेश रंजन ने बताया कि छठ घाटों और नदी-तालाबों के आसपास महिला सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। इन इलाकों में बाइक दस्तों की तैनाती के साथ-साथ पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
Also Read : CM और डिप्टी सीएम फेस के ऐलान पर बोले कैलाश यादव- अब साकार होगा नया बिहार का सपना