Khunti : खूंटी सदर प्रखंड के हुटार स्थित जियारप्पा में एदेल संगा पड़हा राजा स्वर्गीय सोमा मुंडा की स्मृति में विशाल श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर हजारों ग्रामीण, समाज के प्रतिनिधि और विभिन्न संगठनों के नेता उपस्थित हुए और अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत सुबह करीब 11 बजे हुई। पत्थलगढ़ी कर गाड़े गए स्मारक का पारंपरिक पूजन किया गया और स्व. सोमा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित की गई।
सभा में पड़हा समाज के विभिन्न क्षेत्रों के राजा और समाज के प्रमुख नेताओं ने अपने विचार साझा किए। महादेव मुंडा, कमल सांगा, प्रेम सांगा, मंगल सिंह मुंडा, सनिका भेंगरा सहित अन्य नेताओं ने कहा कि स्व. सोमा मुंडा निर्भय, संघर्षशील और आदिवासी समाज के हक-अधिकारों के लिए हमेशा आगे रहे। उनके प्रयास शिक्षा, रोजगार, जल, जंगल और जमीन की रक्षा के क्षेत्र में हमेशा याद किए जाएंगे। इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की गई। सभा में झारखंड पार्टी के जिला महासचिव योगेश वर्मा, अबुआ झारखंड पार्टी के अध्यक्ष रिदन होरो, पौलूस नाग, मार्शल बारला सहित कई राजनीतिक और आदिवासी नेता मौजूद थे।
श्रद्धांजलि सभा के माध्यम से आदिवासी समन्वय समिति ने स्व. सोमा मुंडा के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रशासन को कड़ा संदेश दिया। समिति ने कहा कि हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। आदिवासी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 16 जनवरी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो 17 जनवरी को पूरे झारखंड में बंद बुलाया जाएगा। उन्होंने जनता से बंद में सहयोग करने और आंदोलन को समर्थन देने की अपील की।
Also Read : दिल्ली पुलिस और झारखंड ATS का जमशेदपुर में छापा, अफगानी नागरिक से मिले इनपुट पर हो रही कार्रवाई

