Khunti : खूंटी के जमुवादाग गांव के समीप तालाब के पास हुए पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड का खूंटी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि करीब 3.6 एकड़ जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद के कारण हत्या की साजिश रची गई थी। गिरफ्तार आरोपियों में खूंटी जिले के बाहा मुंडा, देवा पाहन, अनिश मुंडा, रविया पाहन, रमेश्वर संगा उर्फ रमेश, पंकज कुमार शर्मा उर्फ पंडित तथा रांची के किशोरगंज निवासी देवव्रत नाथ शाहदेव शामिल हैं। पुलिस के अनुसार हत्या की पूरी योजना देवव्रत नाथ शाहदेव ने बनाई थी। देवव्रत नाथ शाहदेव अनिल टाइगर हत्याकांड का भी आरोपी रहा है। अनिल टाइगर की भी हत्या जमीन के लफड़े को लेकर ही की गयी थी। देवव्रत नाथ शाहदेव रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र के किशोरगंज में रहता है। वहीं, बाकी के छह आरोपी खूंटी के रहने वाले हैं। इस बात का खुलासा खूंटी एसपी मनीष टोप्पो ने किया है। एसपी मनीष टोप्पो ने मीडिया को बताया कि इस हत्याकांड में कुछ अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जो फिलहाल फरार हैं। उनकी पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
मामूल हो कि बीते 7 जनवरी को खूंटी थाना क्षेत्र के ग्राम जमुवादाग स्थित तालाब के पास अज्ञात अपराधियों ने पड़हा राजा सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। अगले दिन 8 जनवरी को खूंटी थाना में कांड संख्या 03/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने टेक्निकल सेल और लोकल इंफॉर्मेशन के आधार पर छापेमारी की और संदेही गुनहगारों को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि लंबे समय से 3.6 एकड़ जमीन को लेकर लफड़ा चल रहा था। सोमा मुंडा जमीन के इस मामले में रास्ते का सबसे बड़ा कांटा बना हुआ था, इस चलते उसकी हत्या कर दी।
Also Read : अंश–अंशिका और सोमा मुंडा के परिजनों से मिले सुदेश, हर संभव मदद का दिया भरोसा


