Bokaro : बोकारो जिला के पिण्डरजोरा में पिछले 8 माह से लापता पुष्पा मामले में नया मोड़ आया है। इस मामले में पुलिस को पुष्पा तो नहीं मिली, लेकिन उसका नरकंकाल जरूर मिला है। पिण्डरजोरा थाना प्रभारी समेत पुलिस फोर्स ने उसके नरकंकाल को जंगल से बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी दिनेश महतो को गिरफ्तार किया है।
24 जुलाई को दर्ज हुआ था अपहरण का मामला
बोकारो एसपी हरविंदर सिंह के अनुसार, बोकारो के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के रहने वाले अन्नत महतो की पत्नी रेखा देवी के द्वारा आवेदन दिया गया था कि उनकी 18 साल की बेटी कुमारी पुष्पा महतो का अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण कर लिया गया है। इस आवेदन के आधार पर पिण्ड्राजोरा थाना कांड संख्या 147/25, 04 अगस्त 2025 को धारा 140(3) बीएनएस के तहत अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।
SIT का गठन और जांच की दिशा
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो एसपी हरविंदर सिंह द्वारा सिटी डीएसपी के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल कॉल डिटेल, सीडीआर और अन्य जांच के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि मृतका लगातार दिनेश कुमार महतो, उम्र लगभग 26 वर्ष, पिता युधिष्ठिर महतो, ग्राम खूँटाडीह, थाना पिण्ड्राजोरा के संपर्क में थी।
शादी के दबाव और विवाद में हत्या की बात सामने आई
पुलिस पूछताछ में आरोपी दिनेश कुमार महतो ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि मृतका द्वारा शादी का दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वह परेशान था। इसी कारण उसने हत्या की योजना बनाई।
सुनसान स्थान पर ले जाकर की गई हत्या
जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई 2025 को कुमारी पुष्पा महतो चास कॉलेज, चास में स्नातक में नामांकन कराने गई थी। इसी दौरान आरोपी भी वहां पहुंचा और उसे बातचीत के बहाने कॉलेज के पीछे लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल और झाड़ी वाले सुनसान स्थान पर ले गया। वहां आरोपी ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपा दिया। भागने के दौरान उसने घटना में इस्तेमाल चाकू रास्ते में फेंक दिया।
घटनास्थल से महत्वपूर्ण बरामदगी
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर SIT टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण सामान बरामद किए, जिनमें शामिल हैं:
- हत्या में प्रयुक्त चाकू
- मृतका द्वारा घटना के दिन पहना गया कपड़ा
- आरोपी के चार मोबाइल फोन
- मृतका के शरीर के 19 हड्डी के टुकड़े
- सिर के बाल और काले रंग का रबर बैंड
आरोपी गिरफ्तार, आगे की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी दिनेश कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा हो सके।
Also Read : एसएसपी राकेश रंजन ने यातायात सुधार की कमान संभाली, 5 नए पोस्ट के साथ बढ़ी निगरानी


