Garhwa : गढ़वा में अधिकारियों ने तबादला सूची जारी करते समय एक गजब का कारनामा कर दिया। खबर है कि जिले के राजस्व विभाग में पहले ही दिवंगत हो चुके कर्मचारी गौरव आनंद का नाम भी तबादला सूची में शामिल कर दिया गया। गौरव आनंद की मौत करीब चार महीने पहले हो चुकी थी, लेकिन जिला प्रशासन ने उन्हें भवनाथपुर अंचल से रंका अंचल में पदस्थापित दिखा दिया। इस चूक के बाद विभाग में और स्थानीय लोगों में चर्चा का बाजार गर्म हो गया है।
तबादला आदेश में कैसे हुई यह चूक
जिला प्रशासन द्वारा हाल ही में भवनाथपुर अंचल में पदस्थापना को लेकर राजस्वकर्मियों का तबादला किया गया। इस सूची में कई कर्मियों के नाम शामिल थे, लेकिन गलती से दिवंगत गौरव आनंद का नाम भी जोड़ दिया गया। अंचल कार्यालय के कर्मचारियों का कहना है कि तबादला आदेश जिला स्तर से जारी किया गया था, जिसमें संभवतः पुराने डेटा के आधार पर नाम शामिल हो गया।
प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि जब किसी कर्मचारी का देहांत हो चुका है, तब उसका तबादला आदेश जारी होना गंभीर प्रशासनिक लापरवाही है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस तरह के आदेश जारी करने से पहले अभिलेखों की पूरी जांच होनी चाहिए, ताकि इस तरह की त्रुटियों से बचा जा सके।
चर्चा का बाजार गर्म
इस घटना के बाद महकमे में और जिले में चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोग प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न हो।
Also Read : पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 9 अप्रैल से शुरू होगी वोटिंग, 4 मई को आएंगे नतीजे


