Patna : राजधानी पटना के नदी थाना क्षेत्र अंतर्गत कच्ची दरगाह के पास सोमवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब गंगा नदी के किनारे सड़क के पास एक चार माह के दूधमुंहे बच्चे का कटा हुआ सिर बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नदी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बच्चे के धड़ की तलाश के लिए गंगा किनारे और आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन खबर लिखे जाने तक धड़ का पता नहीं चल सका था।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह से बच्चे का सिर धड़ से अलग किया गया है, उससे यह बेरहमी से की गई हत्या का मामला प्रतीत होता है। कुछ लोगों ने इस घटना को नरमुंड बली या नरबलि से जोड़कर भी आशंका जताई है।
हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। नदी थाना प्रभारी ने बताया कि कई बार ऐसा भी होता है कि किसी बच्चे की मौत के बाद परिजन शव को गंगा नदी में प्रवाहित कर देते हैं। संभव है कि किसी जानवर द्वारा शव को खींचकर किनारे लाया गया हो। लेकिन उन्होंने हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया और कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को मौके पर बुलाया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि धारदार हथियार से बच्चे का सिर धड़ से अलग किया गया है। आसपास के थानों से लापता बच्चों की सूची भी मंगाई जा रही है, ताकि बच्चे की पहचान की जा सके।
फिलहाल बच्चे के कटे हुए सिर को पोस्टमार्टम के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि इस जघन्य घटना को किसने और कैसे अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Also Read : रात भर जागने की थकान बनी काल, बाइक हादसे में शख्स की मौ’त



