Dhanbad : अगर आपने जून के दूसरे हफ्ते में ट्रेन से सफर की योजना बनाई है, तो यह खबर आपके काम की है। रेलवे ने एक दर्जन महत्वपूर्ण ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद्द करने का फैसला लिया है। इसका असर खासकर झारखंड, बिहार, महाराष्ट्र, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के यात्रियों पर पड़ेगा। गर्मी की छुट्टियों के बीच यह फैसला यात्रियों की परेशानी बढ़ा सकता है, क्योंकि जिन ट्रेनों को रद्द किया गया है, उनमें ज्यादातर ऐसी ट्रेनें हैं जिनमें टिकट दो महीने पहले ही फुल हो जाते हैं।
क्यों रद्द हुईं ट्रेनें
रेलवे के मुताबिक छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-चंपा रेलखंड के बीच नॉन-इंटरलॉकिंग का काम होना है। इसके साथ तीसरी और चौथी रेल लाइन के लिए ऑटो सिग्नलिंग का काम भी किया जाएगा। इसी वजह से इस रूट से गुजरने वाली कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ेगा। इन ट्रेनों का असर झारखंड के यात्रियों पर भी पड़ेगा, क्योंकि इनमें कई ट्रेनें रांची और धनबाद होकर गुजरती हैं। रेलवे की इस घोषणा के बाद सबसे ज्यादा परेशानी उन यात्रियों को हो सकती है, जिन्होंने पहले से टिकट बुक करा रखी है। छुट्टियों के सीजन में अचानक वैकल्पिक ट्रेन या टिकट मिलना आसान नहीं होता। ऐसे में यात्रियों को अभी से दूसरा विकल्प तलाश लेना चाहिए।
इन तारीखों में रद्द रहेंगी ट्रेनें
- 17321 वास्को द गामा-जसीडीह एक्सप्रेस — 12 जून
- 17322 जसीडीह-वास्को द गामा एक्सप्रेस — 15 जून
- 13425 मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस — 13 जून
- 13426 सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस — 15 जून
- 17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस — 11 जून
- 17006 रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस — 14 जून
- 17007 चर्लपल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस — 9 और 13 जून
- 17008 दरभंगा-चर्लपल्ली एक्सप्रेस — 12 और 16 जून
- 22358 गया-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस — 10 जून
- 22357 लोकमान्य तिलक-गया एक्सप्रेस — 12 जून
- 13287 दुर्ग-आरा एक्सप्रेस — 12 से 16 जून तक
- 13288 आरा-दुर्ग एक्सप्रेस — 10 से 14 जून तक
Also Read : उत्पाद सिपाही पेपर लीक मामला : बीएड परीक्षा देने के बाद आरोपी उतम कुमार ने किया सरेंडर


