Chatra : झारखंड के चतरा शहर में 12 दिन पहले हुए अनिश कुमार सिंह हत्याकांड का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। मामले में पुलिस की जांच सुस्त नजर आ रही है, जिससे परिजनों के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सदर थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद से अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप
मृतक की पत्नी शीतल देवी ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही और जांच में लापरवाही बरत रही है। उन्होंने साफ कहा कि अगर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो वे वरीय अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाएंगी। जरूरत पड़ी तो आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा।
7 मार्च को मिला था शव, इलाके में मची थी सनसनी
बताया जा रहा है कि 7 मार्च को सदर प्रखंड के बीआरसी कार्यालय के पास जयशंकर नगर सजना निवासी अनिश कुमार सिंह का शव बरामद हुआ था। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
पुलिस का दावा- जांच जारी, जल्द होगा खुलासा
मामले में सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह का कहना है कि पुलिस लगातार जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
Also Read : साहिबगंज के बरहरवा में एमओ नंदन कुमार घूस लेते गिरफ्तार, दो महीने पहले ही हुई थी नियुक्ति

