Patna : दरभंगा नगर सीट से छह बार के विधायक संजय सरावगी ने बिहार बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। पार्टी कार्यालय में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी। इस दौरान दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा समेत पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद रहे।
संजय सरावगी बीजेपी कार्यालय पहुंचने से पहले बेली रोड स्थित अंबेडकर मूर्ति से लेकर कार्यालय तक भव्य रोड शो किया। इस दौरान हजारों कार्यकर्ताओं ने झंडा लेकर उनका स्वागत किया। महिलाएं शंख बजाकर और फूलों से उनका स्वागत करती नजर आईं। पटना में उनके स्वागत के लिए हाथी-ऊंट, घोड़ा और बैंड-बाजे का विशेष इंतजाम किया गया था। नए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, “संगठन की जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाऊंगा। मेरी कोशिश होगी कि कार्यकर्ताओं की आवाज सरकार तक पहुंचे।” संजय सरावगी पहली बार मंत्री बने थे, जब पिछले साल नीतीश सरकार में कैबिनेट विस्तार हुआ था। अब वह दिलीप जायसवाल की जगह पार्टी की कमान संभालेंगे।
संजय सरावगी का जन्म 28 अगस्त 1969 को दरभंगा में हुआ। उन्होंने एमकॉम और एमबीए की पढ़ाई की और छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के जरिए राजनीति में कदम रखा और 1995 में बीजेपी की सदस्यता ली। वे पहली बार 2005 में दरभंगा सदर विधानसभा सीट से चुने गए और इसके बाद 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार जीत दर्ज की। संजय सरावगी ने दरभंगा नगर निगम में वार्ड पार्षद के रूप में भी काम किया और 2018 में बिहार विधानसभा की एस्टीमेट कमेटी के चेयरमैन भी रहे।
पूर्व अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने अपने 17 महीने के कार्यकाल का अनुभव साझा करते हुए कार्यकर्ताओं और नेताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार बनाने में जनता का समर्थन मिला और अब संजय सरावगी के नेतृत्व में संगठन को और मजबूती मिलेगी।
Also Read : ACB ने 6 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार


