Ranchi : रेलवे परिसर में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए RPF द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत मुरी रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की गई। मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर आरपीएफ पोस्ट मुरी और फ्लाइंग टीम रांची ने 31 दिसंबर की शाम स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान प्लेटफार्म संख्या 01 पर मुख्य गेट के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठा पाया गया। उसके पास दो पिट्ठू बैग थे, जो असामान्य रूप से भारी लग रहे थे। रोककर पूछताछ और तलाशी लेने पर बैग से 38 बोतल अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 26 हजार रुपये आंकी गई है।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान विंध्याचल सिंह (55 वर्ष), पिता इंदरजीत सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह टाटानगर से मुरी पहुंचा था और रोहतास जाने के लिए ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहा था। आरोपी का इरादा बरामद शराब को अपने क्षेत्र में बेचकर अवैध लाभ कमाने का था। शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट उसके पास नहीं पाया गया। RPF मुरी के उपनिरीक्षक रवि शंकर ने मौके पर ही अवैध शराब जब्त कर ली। आरोपी व्यक्ति और जब्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग, रांची को सौंपे जाने की प्रक्रिया जारी है।
इस कार्रवाई में RPF के कर्मचारी अनिश सिंह और सी. कच्छप भी शामिल रहे। आरपीएफ ने बताया कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अवैध कारोबार के खिलाफ जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Also Read : नशे के सौदागरों को RPF की तीखी चोट, 13 किलो गांजा के साथ तस्कर को दबोचा


