Hazaribagh : बड़कागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की साजिश रच रहे अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य मार्ग के पास टीपी-05 के आसपास छापेमारी की। मौके पर संदिग्ध हालत में मौजूद तीन युवकों को पहले हिरासत में लिया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर पूरे गिरोह का खुलासा हो गया।
हथियार के दम पर लूट की थी तैयारी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राह चलते लोगों को निशाना बनाकर हथियार के बल पर लूट की योजना बना रहे थे। उनके पास से एक देशी पिस्टल, 13 जिंदा गोलियां, तीन मोबाइल फोन और एक अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह इलाके में बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
ज्वेलरी दुकान लूट में भी कनेक्शन
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बड़कागांव क्षेत्र में पहले हुई ज्वेलरी दुकान लूट की घटना में भी अपनी भूमिका स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि वारदात से पहले इलाके की रेकी की गई थी और पूरी योजना बनाकर लूट को अंजाम दिया गया था।
गिरोह के सभी सदस्य गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें साजिश रचने वाले, सहयोगी और वाहन उपलब्ध कराने वाले सभी शामिल हैं। सभी के खिलाफ बड़कागांव थाना कांड संख्या 54/26 के तहत अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि लूटे गए गहनों को दूसरे राज्यों में बेचने का कोई कनेक्शन तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े और लोगों का भी खुलासा हो सकता है।
Also Read : 48 घंटे बाद भी नहीं मिला हिमांशु, दीपाटोली में लापता किशोर को लेकर बढ़ी चिंता


