Dhanbad : धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मिश्रीडीह मोड़ में बीती रात एक सनसनीखेज डकैती की घटना सामने आई है। करीब दस की संख्या में नकाबपोश बदमाशों ने रिटायर्ड आर्मी हवलदार कैलाश प्रसाद मिश्रा के घर पर धावा बोल दिया। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया है।
सबसे पहले बच्चों को बनाया बंधक
डकैतों ने घर में घुसते ही सबसे पहले बच्चों को अपने कब्जे में ले लिया। परिवार को डराकर उन्होंने घर में रखे कैश और जेवरात लूट लिए। बताया जा रहा है कि करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद और लगभग 20 लाख रुपये के गहने लेकर बदमाश फरार हो गए।
CCTV तोड़कर ले गए DVR
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की। उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और DVR साथ लेकर चलते बने, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके।
छत पर सो रहे थे मालिक, भनक तक नहीं लगी
घर के मालिक कैलाश प्रसाद मिश्रा ने बताया कि वे खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए थे। आशंका है कि बदमाशों ने किसी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल किया, जिससे उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी।
पुलिस पहुंचने में देरी पर सवाल
परिजनों के मुताबिक रात करीब 2 बजे ही पुलिस को सूचना दे दी गई थी, लेकिन टीम करीब साढ़े चार बजे मौके पर पहुंची। इस देरी को लेकर स्थानीय लोग नाराज हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घर के लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि लूट की सही रकम आवेदन मिलने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
Also Read : केंदु पत्ता का भाव बढ़ा, अब प्रति बोरा 38 रुपये ज्यादा मिलेंगे


