Palamu : पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मसीहानी के पास नेशनल हाईवे-98 पर रविवार को हुए सड़क हादसे में नौडीहा प्रखंड के अंचल अधिकारी (सीओ) संजय कुमार सिंह, पिपरा प्रखंड के सीओ जितेंद्र कुमार सिंह और उनके चालक रवींद्र कुमार ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब उनकी सरकारी गाड़ी को एक ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदनीनगर रेफर कर दिया।
सिर में गंभीर चोट, हाथ फ्रैक्चर
अस्पताल सूत्रों के अनुसार नौडीहा सीओ संजय कुमार सिंह के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं पिपरा सीओ जितेंद्र कुमार सिंह का बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया है और उन्हें अंदरूनी चोटें भी लगी हैं। चालक रवींद्र कुमार ठाकुर को भी शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।
बैठक में शामिल होने जा रहे थे दोनों अधिकारी
जानकारी के अनुसार दोनों सीओ अपने सरकारी वाहन से जिला मुख्यालय मेदिनीनगर जा रहे थे। वहां उपायुक्त की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित थी, जिसमें उन्हें शामिल होना था।
मोबाइल पर बात करते हुए ट्रेलर चालक ने मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सरकारी वाहन सायरन बजाते हुए मसीहानी के पास फोरलेन सड़क की दाहिनी लेन से जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर चालक ने मोबाइल पर बात करते हुए तेज रफ्तार में वाहन को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सरकारी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
डीएसपी पहुंचे मौके पर, दोनों वाहन जब्त
दुर्घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अवध कुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त सरकारी वाहन और ट्रेलर को जब्त करने का निर्देश दिया। इसके बाद डीएसपी छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और घायल अधिकारियों का हालचाल लिया। साथ ही उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदनीनगर भेजने की व्यवस्था कराई।
नगर अध्यक्ष भी पहुंचे अस्पताल
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता भी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल अधिकारियों से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया और इलाज में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। ट्रेलर चालक की लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि आगे की कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी।


