रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रबंधन ने दो अहम कदम उठाये हैं. संस्थान के 10 विभागों में 11 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों का चयन किया गया है. वहीं, रिम्स के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान में भी 11 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. इससे ट्रॉमा सेंटर, सुपर स्पेशियलिटी विभागों और नेत्र चिकित्सा सेवाओं में डॉक्टरों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी.
रिम्स प्रबंधन ने साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी करने के बाद चयनित सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की सूची जारी कर दी है. कुल 10 विभागों में 11 डॉक्टरों का चयन किया गया है. इनमें सर्जरी (ट्रॉमा), ऑर्थोपेडिक्स (ट्रॉमा), न्यूरोसर्जरी (ट्रॉमा), रेडियोलॉजी (ट्रॉमा) और क्रिटिकल केयर (ट्रॉमा) विभाग में एक-एक डॉक्टर शामिल हैं.
इसके अलावा नियोनेटोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, एनेस्थीसिया और क्रिटिकल केयर विभाग में भी एक-एक डॉक्टर का चयन हुआ है. वहीं, मेडिकल अंकोलॉजी विभाग में दो डॉक्टरों को नियुक्ति के लिए चुना गया है.
क्षेत्रीय नेत्र संस्थान में प्रोफेसर से असिस्टेंट प्रोफेसर तक की नियुक्ति
दूसरी ओर, रिम्स के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान में भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की तैयारी शुरू कर दी गयी है. यहां कुल 11 पदों पर डॉक्टरों की नियुक्ति की जायेगी. इसके लिए रिम्स प्रबंधन ने विज्ञापन जारी कर इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किये हैं.
नियुक्ति प्रक्रिया के तहत तीन प्रोफेसर, तीन एसोसिएट प्रोफेसर और पांच असिस्टेंट प्रोफेसर के पद भरे जायेंगे. इससे नेत्र संस्थान में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और आंखों से जुड़ी बीमारियों के इलाज की सुविधाओं का विस्तार हो सकेगा.
इन पदों पर नियुक्ति के लिए रिम्स प्रबंधन ने क्यूआर कोड जारी किया है, जिसके माध्यम से इच्छुक डॉक्टर आवेदन कर सकते हैं. विज्ञापन के अनुसार, अधिकतम 50 वर्ष की उम्र वाले डॉक्टर इन पदों के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे. आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर निर्धारित की गयी है.
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की तारीख घोषित की जायेगी. दोनों नियुक्ति प्रक्रियाओं के पूरा होने से रिम्स में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद है.
Also Read : अब दुनिया देखेगी संथाल नृत्य की विरासत, CCRT की खास पहल पर बन रही डॉक्यूमेंट्री


No comments yet. Be the first to comment!