जोहार लाइव ब्यूरो
भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने झारखंड हाईकोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद के खिलाफ मिली शिकायतों पर तथ्यात्मक जांच (फैक्ट फाइंडिंग इंक्वायरी) की रिपोर्ट मांगी है.
बार एंड बेंच में छपी रिपोर्ट के मुताबिक सीजेआई ने इन शिकायतों का संज्ञान लिया है और झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक से रिपोर्ट मांगी है. जस्टिस सोनक 27 नवंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं.
जस्टिस प्रसाद के खिलाफ मिली शिकायतें किस तरह की हैं, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है. शिकायतों की तथ्यात्मक जांच की प्रक्रिया जारी है और अब तक जांच के निष्कर्ष सामने नहीं आए हैं.
जस्टिस प्रसाद इससे पहले दो बार झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. पहली बार उन्होंने जुलाई से सितंबर 2024 तक और दूसरी बार जुलाई 2025 में यह जिम्मेदारी संभाली थी.
20 जून 1967 को जन्मे जस्टिस प्रसाद को 26 सितंबर 2014 को झारखंड हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था. मार्च 2015 में उनका तबादला ओडिशा हाईकोर्ट कर दिया गया. इसके बाद नवंबर 2018 में उन्हें वापस उनके मूल हाईकोर्ट यानी झारखंड हाईकोर्ट भेज दिया गया.


No comments yet. Be the first to comment!