Johar Live Desk : ओडिया के प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर और सिंगर अभिजीत मजूमदार का आज यानी रविवार को भुवनेश्वर में निधन हो गया। वे लंबे समय से लिवर की बीमारी से जूझ रहे थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिजीत मजूमदार को पहले कटक के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें AIIMS भुवनेश्वर में शिफ्ट किया गया था। आज सुबह करीब 7:43 बजे हार्ट अटैक आने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। उनका निधन सुबह 9:02 बजे हो गया। उनकी उम्र 54 साल थी।
डॉ. अमृत पट्ट्योशी ने बताया कि अभिजीत हाई ब्लड प्रेशर, हाइपोथायरायडिज्म, क्रोनिक लिवर की बीमारी और किडनी की समस्या से पीड़ित थे। इसके कारण उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी और उनके शरीर में सोडियम का स्तर कम था। अभिजीत मजूमदार के निधन पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री पार्वती परिदा, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और कई अन्य प्रमुख हस्तियों ने अपनी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा, “उनका जाना हमारे म्यूजिक, सिनेमा और कल्चर के लिए एक ऐसा नुकसान है जिसकी भरपाई नहीं हो सकती। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।”
अभिजीत मजूमदार का जन्म 11 सितंबर 1971 को संबलपुर में हुआ था। बाद में वे कटक चले गए और 2000 के बाद ओलिवुड के एक मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर बन गए। उन्होंने 700 से ज्यादा गाने कंपोज किए और कई गानों को अपनी मधुर आवाज दी। उनके गाने और संगीत शैली हमेशा लोगों के दिलों में रहेंगे।
Also Read : पहला वोट, स्टार्ट-अप और संस्कृति : मन की बात में पीएम मोदी का युवाओं पर फोकस


