Delhi : देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने रिटायर्ड अधिकारियों के लिए रोजगार का नया अवसर जारी किया है। बैंक ने वर्ष 2026-27 के लिए रिजॉल्वर पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत कुल 105 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
संविदा आधार पर होगी नियुक्ति
यह भर्ती संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) आधार पर की जाएगी। चयनित अधिकारियों को ग्राहकों की शिकायतों का समाधान करने और बैंकिंग सेवाओं को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। बैंक का उद्देश्य अनुभवी अधिकारियों की मदद से शिकायतों का त्वरित निपटारा करना है।
कहां कितने पद
इस भर्ती में देशभर के अलग-अलग सर्कल्स में पद है।
नई दिल्ली में 15 पद, लखनऊ में 13 पद, पटना में 10 पद, भोपाल में 9 पद और कोलकाता में 7 पद रखे गए हैं।
इसके अलावा गांधीनगर, जयपुर और गुवाहाटी सर्कल में 6-6 पद निर्धारित किए गए हैं। शेष पद अन्य क्षेत्रों के लिए रखे गए हैं।
चयन प्रक्रिया पूरी तरह इंटरव्यू पर आधारित
इस भर्ती में किसी भी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं होगी। चयन प्रक्रिया पूरी तरह इंटरव्यू के आधार पर होगी। सबसे पहले आवेदनों की जांच की जाएगी, इसके बाद योग्य उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इंटरव्यू में उम्मीदवार का अनुभव, बैंकिंग ज्ञान, समस्या समाधान क्षमता और कार्यकुशलता परख की जाएगी। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन कर अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
कौन कर सकता है आवेदन
इस भर्ती के लिए केवल वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जो बैंकिंग क्षेत्र में अधिकारी पद से रिटायर हो चुके हैं। जिनके पास ग्राहक सेवा, शिकायत निवारण और प्रशासनिक कार्यों का अनुभव है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। उम्मीदवार का स्वास्थ्य भी अच्छा होना चाहिए ताकि वे जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वहन कर सकें।
बैंकिंग सेवाओं में सुधार का उद्देश्य
एसबीआई का यह कदम ग्राहकों को बेहतर सेवा देने के उद्देश्य से उठाया गया है। बैंक का मानना है कि अनुभवी रिटायर्ड अधिकारी अपने अनुभव से जटिल मामलों को जल्दी सुलझा सकते हैं, जिससे ग्राहक संतुष्टि बढ़ेगी और बैंकिंग व्यवस्था मजबूत होगी।
आवेदन प्रक्रिया
उम्मीदवार एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार को फॉर्म भरना होगा, जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे और सबमिट करने के बाद प्रिंटआउट सुरक्षित रखना होगा।
Also Read : रेलवे में बंपर भर्ती: 6365 टेक्नीशियन पदों पर जल्द निकलेगा नोटिफिकेशन

