Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची की रहने वाली आईपीएस अधिकारी स्वाति लकड़ा को डीजी (डायरेक्टर जनरल) रैंक में पदोन्नति मिली है। 1995 बैच की आईपीएस अधिकारी स्वाति लकड़ा अब तेलंगाना कैडर में डायरेक्टर जनरल ऑफ स्पेशल प्रोटेक्शन फोर्स के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि वह डीजी रैंक तक पहुंचने वाली अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदाय से आने वाली देश की संभवतः पहली महिला अधिकारी हैं।
Called on the Hon’ble Chief Minister of Telangana, Sri A Revanth Reddy garu on my promotion in the rank of Director General of Police (DGP)@DGTSPF pic.twitter.com/r3lyZLAMNi
— Swati Lakra (@SwatiLakra_IPS) April 25, 2026
रांची से लेकर दिल्ली तक पढ़ाई का सफर
स्वाति लकड़ा की शुरुआती शिक्षा रांची में हुई। उन्होंने लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल से 10वीं तक की पढ़ाई की, जबकि 12वीं की शिक्षा डीएवी (अब जेवीएम) श्यामली से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वीमेन से राजनीति विज्ञान में स्नातक किया। स्वाति लकड़ा के पिता साउथ ईस्टर्न रेलवे में सिविल इंजीनियर रहे हैं। वहीं उनके पति बेनहूर महेश दत्त एक्का भी तेलंगाना कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं। प्रशासनिक सेवा से जुड़े परिवार से आने के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से अलग पहचान बनाई।
महिलाओं की सुरक्षा पर खास काम
अपने 20 साल से अधिक के करियर में स्वाति लकड़ा ने कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने तेलंगाना में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई अभियान चलाए और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। एक बातचीत में स्वाति लकड़ा ने कहा कि करियर में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन मेहनत और लगन से किया गया काम हमेशा सफलता दिलाता है। उन्होंने कहा कि अपने कर्तव्यों को निभाते हुए उन्हें सबसे ज्यादा संतुष्टि मिली है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता और एक बार सफलता मिलने के बाद भी कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ते रहना चाहिए।
रांची से गहरा जुड़ाव
स्वाति लकड़ा ने बताया कि रांची उनकी जन्मस्थली है और उनका ससुराल भी वहीं है। वे समय-समय पर रांची आती-जाती रहती हैं और अपने राज्य तथा यहां के लोगों से उनका गहरा जुड़ाव बना हुआ है।
Also Read : बंगाल चुनाव ड्यूटी में तैनात झारखंड के जवान की मौत, जांच की मांग पर गरमाया मामला


