Ranchi : रांची में नशे के कारोबार पर तीखा प्रहार किया है। पुलिस ने न्यू मार्केट बस स्टैंड के पास से दो ड्रग पैडलर्स को गिरफ्तार किया। उनके पास से कुल 61.19 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 12 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। गिरफ्तार तस्करों के नाम सोनू कुमार यादव और अजय यादव बताये गये। दोनों युवक सुथदेवनगर थाना क्षेत्र के आनंदपुरी चौक, छठ घाट, हरमु नदी, विधानसभा नगर के रहने वाले हैं।
कैसे हुआ खुलासा
सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि बीती रात रांची एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली कि बिहार के सासाराम से दो युवक ब्राउन शुगर लेकर बस से रांची आ रहे हैं। यह जानकारी मिलने के बाद सिटी एसपी के निर्देश पर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय की अगुवाई में एक विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। टीम ने न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड के आसपास संदिग्ध युवकों की तलाश शुरू की। रात करीब 9:30 बजे न्यू मार्केट चौक के मंदिर कोने पर टेम्पू स्टैंड के पास दो युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। गिरफ्तार सोनू कुमार यादव के पास से 43.85 ग्राम ब्राउन शुगर, एक सैमसंग मोबाइल फोन और रांची-सासाराम रेल टिकट बरामद किया गया। वहीं, अजय यादव के पास से 17.34 ग्राम ब्राउन शुगर और साथ में 720 रुपये नगद भी जब्त किये गये। इस तरह दोनों के पास से कुल 61.19 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन, रेल टिकट और नगद जब्त हुआ।
पूछताछ में खुलासा
सिटी एसपी परास राणा ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे एक दिन पहले ट्रेन से सासाराम गए थे। वहां से बबन साह और सूरज साह से ब्राउन शुगर खरीदी और बस से रांची लौटे। घर जाने के लिए ऑटो में सवार होने वाले ही थे कि पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
Also Read : सीएम हेमंत से मिले वरिष्ठ वैज्ञानिक, कैंसर इलाज की स्वदेशी मशीन पर हुई चर्चा


