दूरदर्शन के नए हिंदी धारावाहिक ‘लापता पलाश’ के लिए रविवार को रांची में ऑडिशन आयोजित किया गया. झारखंड डिजिटल के प्रांगण में हुए इस ऑडिशन में राज्य के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे 150 से ज्यादा उभरते कलाकारों ने हिस्सा लिया. कलाकारों ने अभिनय के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाई और धारावाहिक का हिस्सा बनने के लिए ऑडिशन दिया.
अक्टूबर से रांची और आसपास होगी शूटिंग
लापता पलाश का निर्माण प्रसार भारती के दूरदर्शन केंद्र, रांची के लिए किया जा रहा है. झारखंड के फिल्म प्रोडक्शन हाउस सिनेबुल्स (Cinebulls) के बैनर तले बनने वाले इस धारावाहिक की शूटिंग अक्टूबर से शुरू होने की तैयारी है. शूटिंग रांची और आसपास के इलाकों में की जाएगी.
निर्माताओं का कहना है कि धारावाहिक में झारखंड के स्थानीय परिवेश और संस्कृति को भी जगह दी जाएगी. इसके साथ ही राज्य के स्थानीय कलाकारों को टीवी के बड़े मंच पर काम करने का मौका मिलेगा.
फिल्म और टीवी जगत की अनुभवी टीम
धारावाहिक की टीम में फिल्म और मीडिया से जुड़े कई अनुभवी लोग शामिल हैं. अमृता शर्मा इसकी निर्माता हैं, जबकि शशि पांडे कार्यकारी निर्माता की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. निर्देशन पंकज सिन्हा करेंगे. वहीं शंकर पाठक लाइन प्रोड्यूसर, सुमित सचदेवा डीओपी और सुमित सिन्हा संपादक हैं.
ऑडिशन के दौरान कलाकारों में खासा उत्साह देखने को मिला. मेकर्स के मुताबिक, धारावाहिक की कहानी और पटकथा को इस तरह तैयार किया गया है कि इसमें झारखंड के कलाकारों और स्थानीय परिवेश को भी प्रमुखता मिले.
Also Read :आरक्षण और प्रतिनिधित्व की गारंटी के बिना झारखंड में परिसीमन मंजूर नहीं: जनाधिकार महासभा

