Ranchi : नेशनल टाइम टेबल कमेटी की हालिया बैठक में रांची और धनबाद के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है।भोपाल में आयोजित इस बैठक में कई अहम फैसले लिए गए, जिससे लंबे समय से ट्रेन सुविधाओं की कमी झेल रहे यात्रियों को राहत मिलने वाली है।
बैठक में रक्सौल से तिरुपति के बीच चल रही धनबाद-रांची स्पेशल ट्रेन को नियमित करने का निर्णय लिया गया। यह ट्रेन अब नियमित रूप से धनबाद, बोकारो, रांची होते हुए बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, सिकंदराबाद के रास्ते तिरुपति तक चलेगी। यह ट्रेन उत्तर और दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों को सीधे जोड़ने का काम करेगी। इससे रांची और धनबाद के यात्रियों को उत्तर बिहार के सीतामढ़ी, दरभंगा और समस्तीपुर तक पहुंचने में भी सुविधा मिलेगी। धार्मिक और पर्यटन यात्रियों के लिए भी यह ट्रेन उपयोगी मानी जा रही है।
इसके अलावा, पिछले तीन वर्षों से स्पेशल ट्रेन के रूप में चल रही धनबाद-भुवनेश्वर ट्रेन को भी नियमित ट्रेन का दर्जा देने की मंजूरी दी गई है। साथ ही धनबाद से मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) के लिए एक नई साप्ताहिक ट्रेन चलाने का फैसला भी किया गया है। नई धनबाद-मुंबई ट्रेन कतरास, पतरातू, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जबलपुर और इटारसी होते हुए मुंबई पहुंचेगी। हावड़ा-मुंबई मेल पर बढ़ते यात्रियों के दबाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
नेशनल टाइम टेबल कमेटी के इन फैसलों के बाद रेलवे प्रशासन जल्द ही इन ट्रेनों के स्थायी नंबर और समय सारणी की घोषणा करेगा, जिससे यात्रियों को यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।
Also Read : बिहार में ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत एक और एनका’उंटर


