Palamu : झारखंड के पलामू जिले में बिजली बिल की गड़बड़ी से परेशान एक युवक ने सोशल मीडिया पर आत्महत्या की चेतावनी दे दी। युवक ने सीधे मुख्यमंत्री को टैग करते हुए अपनी परेशानी साझा की, जिसके बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया। युवक का आरोप है कि बिजली विभाग की ओर से उसे गलत और मनमाना बिल भेजा जा रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उसका कहना है कि लगातार मानसिक तनाव बढ़ता जा रहा है और वह अब परेशान होकर आत्महत्या जैसा कदम उठाने की बात तक कह रहा है।
सीएम हेमंत सोरेन ने लिया संज्ञान
.@JbvnlQ .@md_jbvnl यह स्थिति कतई बर्दास्त के लायक नहीं है।
तत्काल संज्ञान ले, भूल सुधारें एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए सूचना दें एवं ऐसे सभी मामलों का सही निष्पादन सुनिश्चित करें। https://t.co/A59lvfsKYK
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) April 21, 2026
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तुरंत इस पर संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि मामले की जांच कर तुरंत कार्रवाई की जाए और समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए। सीएम ने साफ कहा कि आम लोगों को इस तरह की परेशानियों और मानसिक तनाव का सामना किसी भी हालत में नहीं करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायत का तुरंत और पारदर्शी तरीके से निपटारा किया जाए।
राज्यभर की शिकायतों पर भी नजर
सरकार ने यह भी संकेत दिए हैं कि सिर्फ इस एक मामले तक सीमित न रहकर बिजली बिल से जुड़ी सभी शिकायतों की समीक्षा की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने। इस घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही इस तरह की समस्याओं का समाधान होगा।
Also Read : मरीजों के लिए राहत, SAIL बोकारो अस्पताल में शामिल हुए 10 विशेषज्ञ डॉक्टर


