Patna : कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी शुक्रवार को बिहार दौरे पर हैं। वे दोपहर 12 बजे पटना के सदाकत आश्रम में 2000 से ज्यादा महिलाओं के साथ संवाद करेंगी। इस कार्यक्रम में घरेलू कामगार, मनरेगा मजदूर, जीविका दीदी, आंगनबाड़ी और आशा वर्कर, वकील, डॉक्टर जैसी विभिन्न पृष्ठभूमियों की महिलाएं शामिल होंगी।
सदाकत आश्रम में संवाद कार्यक्रम के बाद प्रियंका गांधी पूर्वी चंपारण के मोतिहारी जाएंगी। वहां गांधी मैदान में आयोजित ‘हर घर अधिकार रैली’ को संबोधित करेंगी। यह प्रियंका गांधी का बिहार में पहला बड़ा जनसभा कार्यक्रम है।
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि प्रियंका गांधी के इस कार्यक्रम को लेकर प्रदेश के कोने-कोने से महिलाएं आ रही हैं। संवाद में हर वर्ग की महिलाओं को शामिल किया गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रियंका गांधी की सक्रियता से बीजेपी में बेचैनी बढ़ेगी और अब दिल्ली से और भी महिला नेत्रियां बिहार पहुंचेंगी।

पटना में कार्यक्रम के बाद प्रियंका गांधी हेलिकॉप्टर से दोपहर 2 बजे मोतिहारी पहुंचेंगी। वहां से वह बंद गाड़ी में गांधी मैदान जाएंगी। इस जनसभा में कांग्रेस ने 20 हजार से ज्यादा महिलाओं के शामिल होने का दावा किया है। रैली के लिए तीन झूमर वाले भव्य पंडाल में 40 हजार से ज्यादा कुर्सियां लगाई गई हैं। मंच पर कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।