Patna : देशभर में आज विजयादशमी का पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक इस त्योहार पर बिहार सहित विभिन्न राज्यों में रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव समेत कई नेताओं ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
नीतीश कुमार की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विजयादशमी के मौके पर प्रदेशवासियों को शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “विजयादशमी के शुभ अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। यह असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह पर्व संयम और आत्मिक बल प्रदान करता है। इसे सद्भाव, भाईचारे और शांति के साथ हर्षोल्लास से मनाएं।”
विजयादशमी के शुभ अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। इसे विजय पर्व के रूप में मनाया जाता है। यह असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह हमारे जीवन में संयम एवं आत्मिक बल का संचरण करने वाला पर्व है। इस पर्व को सद्भाव, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण तरीके से हर्षोल्लास के साथ मनाएं।
— Nitish Kumar (@NitishKumar) October 2, 2025
लालू प्रसाद का संदेश
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भी एक्स पर लिखा, “असत्य पर सत्य की विजय के उत्सव विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं।” विधानसभा चुनाव को देखते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, जीतनराम मांझी समेत कई नेता सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और लोगों को शुभकामनाएं दे रहे हैं।

असत्य पर सत्य की विजय के उत्सव विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं। #Bihar #RJD #LaluYadav pic.twitter.com/C0ooK8t4tT
— Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) October 2, 2025
नेताओं ने की मां दुर्गा की पूजा
विजयादशमी से पहले नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव ने पटना के विभिन्न पूजा पंडालों और मंदिरों में मां दुर्गा के दर्शन किए। नीतीश कुमार ने गर्दनीबाग के ठाकुरबाड़ी, डाकबंगला रोड, नाला रोड, लंगरटोली और बांसघाट के पंडालों में जाकर प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
विकास योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा के अवसर पर करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को नागरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
उत्साह के साथ रावण दहन की तैयारी
बिहार में आज रावण दहन के साथ विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। पटना के गांधी मैदान सहित कई जगहों पर भव्य आयोजन होंगे। लोग इस पर्व को सत्य और धर्म की जीत के प्रतीक के रूप में उत्साह के साथ मना रहे हैं।
Also Read : स्वर्ण व्यवसायी की नृशंस ह’त्या, NH-27 पर 6 टुकड़ों में मिली बॉडी