Ranchi : झारखंड की राजधानी में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार रांची का अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री सेंटीग्रेड की गिरावट के साथ 28.4 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री की कमी के साथ 23.6 डिग्री सेंटीग्रेड रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक है।
4 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान
विभाग के अनुसार सोमवार (4 अगस्त 2025) को रांची और आसपास के इलाकों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। दिन में एक या दो बार हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री तक पहुंच सकता है।
बंगाल की खाड़ी का निम्न दबाव क्षेत्र प्रभावी
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र झारखंड पर असर डाल रहा है। मानसून ट्रफ बिहार के छपरा से होकर गुजर रहा है, जिसका प्रभाव 15 अगस्त तक झारखंड में बना रहेगा। इस दौरान भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। रांची में अब तक 992 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, और नमी के कारण रात में ठंड बढ़ गई है।
10 जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए पलामू, लातेहार, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़ और दुमका में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। किसानों को खेतों में सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो हफ्तों तक झारखंड में बारिश और ठंड का मौसम बना रहेगा। लोगों को छाता, रेनकोट और हल्के गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह दी गई है।
Also Read : सावन की अंतिम सोमवारी पर बाबा आम्रेश्वर धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब